निगम की आनलाइन सेवाओं के लिए साइबर कैफे पर मनमाना शुल्क वसूलने वालों पर नकेल कसने के लिए उत्तरी निगम ने कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) से अपनी सेवाओं को जोड़ दिया है। इसके बाद न केवल मामूली शुल्क पर घर के पास भी निगम की सेवाएं मिल जाएंगी, बल्कि अधिक शुल्क वसूलने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। उत्तरी निगम की स्थायी समिति ने सीएससी से निगम की सेवाओं को जोड़ने को मंजूरी दे दी है। इससे निगम क्षेत्र में आने वाले 816 सीएससी केंद्रों पर निगम की सेवाएं उपलब्ध होगी।

जनता से जुड़ी सेवा आनलाइन हुई

उत्तरी निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगीराम जैन ने बताया कि निगम डिजिटल इंडिया योजना के तहत जनता से जुड़ी बहुत सी सेवाओं को आनलाइन किया हुआ है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र, फैक्ट्री लाइसेंस, ट्रेड लाइसेंस, हेल्थ लाइसेंस संपत्तिकर को आनलाइन जमा किया जा सकता है। लोगों को निगम के दफ्तर आने की जरूरत नहीं है, लेकिन देखने में आ रहा है कि बहुत बड़ी मात्र में ऐसे लोग भी हैं, जिनके पास आनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं है।

निगम ने लोगों के हित में लिया फैसला

ऐसे में लोगों साइबर कैफे पर जाना पड़ता है, लेकिन देखने में आया है कि यहां पर निगम की सेवाओं के लिए 100-300 रुपये तक का शुल्क लिया जाता है, जो सामान्य लोगों के लिए बहुत ही ज्यादा है। इसको देखते हुए निगम ने सीएससी से अपनी यह सेवाएं जोड़ दी हैं।

सीएससी में कम दामों में मिलती है निगम की सुविधाएं

केंद्र सरकार की ओर से पहले सीएससी मोहल्लों आदि में चलाए जाते हैं। उत्तरी निगम क्षेत्र में 816 सीएससी हैं, जो बहुत कम दामों में निगम की सुविधाएं देंगे। उन्होंने बताया कि कि अगर कोई अनियमितता पाई जाती है तो निगम ने सीएससी को संचालन करने वाली कंपनी से 50 लाख की सुरक्षा राशि जमा कर ली है। ऐसे में अनियमितता पाए जाने पर निगम यह राशि भी जब्त कर लेगा।

घर के पास लोगों को मिलेगी सुविधा

जोगीराम जैन ने बताया कि सीएससी से निगम की सेवाएं जुड़ जाने से लोगों को घर के पास ही सुविधा मिलेगी। उत्तरी निगम में 104 वार्ड हैं, जबकि सीएससी की संख्या 816 है। ऐसे में प्रत्येक वार्ड में तीन-चार सीएससी हैं। इससे लोगों को निगम के दफ्तर जाने की जरूरत भी नहीं होगी, बल्कि जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र लेने की सुविधा मात्र 10 रुपये में मिलेगी।

Founder of Delhibreakings.com I write Hyperlocal, Automative and Important National related coverages for my Audience. Mail me your love or suggestions on lov@delhibreakings.com or lov.singh@live.com