दिल्ली-एनसीआर में ठंड जारी है, लेकिन पिछले कई दिनों की तुलना में बृहस्पतिवार को थोड़ी राहत है। इसके पीछे वजह यह है कि शीतलहर नहीं चल रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इस वजह से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। 26 से 29 दिसंबर के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 24 और 26 दिसंबर को भी दो पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। तीव्र आवृति के इन सिस्टम के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर का मौसम फिर पलटी खाएगा और कुछ दिनों में ठंड में इजाफा होगा।

इससे पहले राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में बुधवार को शीतलहर तो नहीं रही, लेकिन उसका असर बरकरार रहा। इस वजह से दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से सुबह में ठिठुरन रही, लेकिन दिन में ठंड से थोड़ी राहत मिली। वहीं दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर थोड़ा बढ़ गया है। दिल्ली व फरीदाबाद में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही।

मौसम विभाग ने 26 दिसंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उस दिन कुछ इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। खासतौर पर शाम व रात के वक्त गरज के साथ बारिश हो सकती है। 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

 

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे कम लोधी रोड में 4.2 डिग्री सेल्सियस व आया नगर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जगहों पर अधिकतम तापमान क्रमश: 24.2 डिग्री सेल्सियस व 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जाफरपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज बादल छाए रह सकते हैं। सुबह में हल्का कोहरा होगा। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कुछ तो अभी भी कर रहा हूँ आप लोगो के लिये ख़ैर आप email पर लिख भेजिए मुझे [email protected] पर

Leave a comment