देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों का मौसम बदलने वाला है। आने वाले दिनों में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी वर्षा होगी। इसी के चलते 1  से 2 दिसंबर की रात तक गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के विज्ञानी आरके जेनामणि ने दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश हो सकती है और कुल मिलाकर इस दौरान मौसम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।

 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने कहा कि 30 नवंबर की रात से एक ताजा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते 30 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण राजस्थान के आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

आइएमडी ने ट्वीट कर कहा कि 2 दिसंबर को गुजरात के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 1 और 2 दिसंबर के दौरान पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।

 

इन पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ हो सकती है बर्फबारी

आइएमडी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 2 दिसंबर को बारिश के साथ ही कई स्थानों में भारी बर्फबारी हो सकती है।

इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में भी भारी बारिश हो सकती है।

 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर होगी भारी बारिश

आइएमडी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि 30 नवंबर 2021 के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके और अधिक चिह्नित होने और अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इसके प्रभाव में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। 3 दिसंबर की रात से उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Founder of Delhibreakings.com I write Hyperlocal, Automative and Important National related coverages for my Audience. Mail me your love or suggestions on lov@delhibreakings.com or lov.singh@live.com