राजधानी में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को ज्यादातर क्षेत्रों में लू के थपेड़े लगे। तापमान की दृष्टि से मंगलवार (19 अप्रैल) इस सीजन का ही नहीं, बल्कि 11 साल का सबसे गर्म दिन रहा। यही नहीं, मंगलवार को दिल्ली का तापमान झारखंड के डाल्टनगंज के बाद सबसे अधिक 45 डिग्री तक दर्ज किया गया। डाल्टनगंज का तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

दिल्ली का इससे पहले 2011 में 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा था। वहीं, 2012 से लेकर पिछले साल तक तक अप्रैल में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस ही रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ऊपर 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, स्पोट्र्स कांप्लेक्स में यह अधिकतम 45 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, मुंगेशपुर में 44.4 और पीतमपुरा में 44.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

 

मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक, इससे पहले 11 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, लेकिन तब राजधानी के 12 में से सात मौसम केंद्र ऐसे थे, जहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया था। वहीं, मंगलवार को आठ मौसम केंद्र ऐसे रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ज्यादा रहा। आइआइटी दिल्ली में वायुमंडलीय विज्ञान केंद्र की अध्यक्ष प्रो. मंजू मोहन के अनुसार, बीते कुछ सालों में कंक्रीट का जंगल बढ़ने और भू उपयोग में बदलाव से दिल्ली का तापमान तेजी से बढ़ा है।

 

दिल्ली के आठ केंद्रों का तापमान रहा 43 डिग्री के पार :

दिल्ली के 12 में से आठ केंद्रों का अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, देश भर के अन्य राज्यों की बात करें तो पश्चिमी राजस्थान में दो, पूर्वी राजस्थान में एक, मध्य महाराष्ट्र में दो, मराठवाड़ा में एक, पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में तीन-तीन, पश्चिमी मध्य प्रदेश में छह, पूर्वी मध्य प्रदेश में सात, विदर्भ में छह, ओडिशा में तीन और झारखंड में दो केंद्रों पर ही अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

Founder of Delhibreakings.com I write Hyperlocal, Automative and Important National related coverages for my Audience. Mail me your love or suggestions on lov@delhibreakings.com or lov.singh@live.com