संसद मार्ग पुलिस थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात ने कंट्रोल रुम फोन करके दिल्ली के मुखिया अरविन्द केजरीवाल को मारने की धमकी दे डाली। मगर जब पुलिस द्वारा उस अज्ञात शख्स को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह नशे में था।

जी हाँ, मामला दिल्ली का है जहाँ एक शख्स ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मारने की धमकी दी थी। पप्पू नाम के एक शख्स ने 100 नंबर डायल करके पुलिस कंट्रोल रुम को जानकारी दी कि उसने मुख्यमंत्री केजरीवाल को मारने के लिए किसी को हथियार व बारुद दिया है। जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और पप्पू को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।

मीडिया को दी जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली डीसीपी डाॅ० ईश सिंघल ने बताया कि संसद मार्ग थाना पुलिस को सोमवार रात करीब 11 बजे धमकी भरा फोन काॅल आया था। जिसमें आरोपी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को मारने की बात कही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी के काॅल रिकार्ड खंगाले। काॅल रिकार्ड से मालूम पड़ा कि आरोपी पहाड़गंज की कृष्णा गली का रहना वाला था। मगर जब पुलिस वहाँ पहुंची तो घर पर ताला लगा हुआ था। पूछताछ करने पर पता चला कि घर कई साल से बंद पड़ा था।

संसद मार्ग थानाध्यक्ष अजय कुमार की निगरानी में जब टीम ने जगह-जगह छापा मारा तो मंगलवार को आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अविवाहित है और नशे का आदि है। उसने नशे में सीएम को मारने की काॅल की थी और फरीदाबाद में अपने बहन के घर रहता है।

 

Leave a comment