मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज हुई कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेस करके बताया कि दिल्ली का भी अपना शिक्षा बोर्ड होगा। इसके लिए कैबिनेट द्वारा मंजूरी दे दी गई है। वहीं उन्होंने कहा कि दिल्ली शिक्षा व्यवस्था में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों को यह बोर्ड अब नई ऊंचाई देगा।

डिजिटल प्रेस कांफ्रेस के दौरान उन्होंने कहा आज जो एलान करने जा रहा हूँ उससे न सिर्फ दिल्ली बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर भी गहरा असर पड़ेगा। अब दिल्ली में एक स्कूल बोर्ड ऑफ एजुकेशन का गठन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा ये कोई मामूली बोर्ड नहीं जैसा अन्य राज्यों में होता है। इस बोर्ड का मकसद स्टूडेंट्स को अच्छा इंसान बनाना, देशभक्त बनाना और स्टूडेंट्स को रोजगार के लिए तैयार करना है। अब रटने पर नहीं बल्कि सीखने पर जोर रहेगा।

आगे उन्होंने इस बोर्ड से जुड़ी खास बातों को बताया कि दिल्ली बोर्ड ऑफ एजुकेशन एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बोर्ड होगा। जिसके अंदर इस साल 20 से 25 सरकारी स्कूलों को शामिल किया जाएगा। इस क्रांतिकारी कदम से अब बच्चों को रोजगार मांगने के लिए नहीं बल्कि रोजगार देने के लिए तैयार करेंगे।

बता दें कि इससे पहले दिल्ली का अपना शिक्षा बोर्ड नहीं था। अभी दिल्ली में स्कूल CBSE/ICSE बोर्ड से मान्यता प्राप्त हैं। राज्य में नए एजुकेशन बोर्ड के बनने से सरकारी स्कूलों को उनसे जोड़ा जाएगा। इससे पहले दिल्ली सरकार पहले ही बजट का 25% हिस्सा शिक्षा पर व्यय कर रही है। यही वजह है लोग इस बार के नए बजट का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a comment